शामली में टीकाकरण के नाम पर साइबर ठगी का खतरा, एसपी ने सीएमओ को लिखा पत्र

शामली : गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के टीकाकरण के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए शामली पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजकर लोगों को जागरूक करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी खुद को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताकर फोन कॉल, मैसेज या फर्जी लिंक भेज रहे हैं। ठग प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना और मिशन इंद्रधनुष जैसी सरकारी योजनाओं का नाम लेकर लोगों से बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर और अन्य गोपनीय सूचनाएं हासिल कर आर्थिक धोखाधड़ी कर रहे हैं।

साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों में सामने आया है कि कुछ मामलों में अपराधी आशा कार्यकर्ताओं का नाम लेकर भी लोगों से संपर्क कर रहे हैं और लाभ दिलाने का झांसा देकर फर्जी लिंक भेज रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से विशेष रूप से ग्रामीण और कम जागरूक परिवारों में भ्रम और भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य विभाग कभी भी फोन पर बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या किसी अन्य गोपनीय जानकारी की मांग नहीं करता। ऐसे किसी भी कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।

साथ ही साइबर ठगी में शामिल गिरोहों के खिलाफ संबंधित विभागों के समन्वय से कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि आम जनता को इस प्रकार की धोखाधड़ी से सुरक्षित रखा जा सके।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.