शामली में महिला ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
शामली : जनपद के गांव खेडीकर्मू निवासी एक महिला ने कोतवाली शामली में शिकायत देकर पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, सलमा पत्नी अकरम ने बताया कि सोमवार को सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर पर मौजूद थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ उसके घर पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि शोर-शराबा सुनकर उसकी भतीजी गुलनाज पत्नी फईम और मोहल्ले की अन्य महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना में उसे गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़िता के अनुसार, आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह जान बचाई गई। जाते समय आरोपितों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने आशंका जताई है कि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़िता ने कोतवाली शामली पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
(नोट: समाचार शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।) रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.