शामली में छात्रा के अपहरण के प्रयास से सनसनी
शामली : आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में एक छात्रा के कथित अपहरण प्रयास का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। वहीं घटना से सहमी छात्रा ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जनपद की रहने वाली छात्रा अपनी एक सहेली के साथ शामली स्थित गोदावरी अस्पताल आई थी। अस्पताल के बाहर वह स्कूल जाने के लिए रिक्शा का इंतजार कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान मुजफ्फरनगर के गांव मुंडभर निवासी अनुज उर्फ दुर्बल ने चाकू दिखाकर छात्रा को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और वहां से फरार हो गया।
बताया जाता है कि आरोपी छात्रा को लेकर तेज गति से बाइक चला रहा था। इसी बीच कुछ किलोमीटर आगे जाकर उसकी बाइक सड़क किनारे पड़े एक कटे हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार और छात्रा दोनों नीचे गिर गए। मौके का फायदा उठाकर छात्रा किसी तरह बच निकली, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव मुंडभर निवासी छोटा पुत्र बृजपाल तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति पहले से ही छात्रा का पीछा कर रहे थे और उनके इशारे पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गिरफ्तारी न होने से परिवार लगातार दहशत में है। इसी को लेकर परिजन सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परिवार का कहना है कि घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से बेहद भयभीत है और उसने डर के कारण स्कूल जाना भी बंद कर दिया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि छात्रा सामान्य जीवन में लौट सके।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.