ट्रांसफार्मर और सरकारी नलकूप चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

शामली :  थाना आदर्श मंडी पुलिस ने थाना आदर्श मंडी और बाबरी क्षेत्र में हुई ट्रांसफार्मर चोरी तथा सरकारी नलकूप से सामान चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रांसफार्मर का तांबा-एल्यूमिनियम, नलकूप संबंधी सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिक्का और कैड़ी के जंगलों में लगे कई ट्रांसफार्मरों से तेल, कॉयल और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। इसके अलावा भिक्की देह स्थित राजकीय नलकूप संख्या 69NL से भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना आदर्श मंडी और बाबरी में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आदर्श मंडी पुलिस ने ग्राम सिक्का निवासी नसीम उर्फ गुल्ला पुत्र सत्तार और साजिद पुत्र इकरामू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई ट्रांसफार्मरों और सरकारी नलकूप से चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया अधिकांश सामान उन्होंने शामली शहर के एक कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि शेष सामान गन्ने के खेत में छिपा रखा था। पुलिस ने बरामदगी करते हुए ट्रांसफार्मर की विभिन्न कॉयल, तार, बुशिंग तथा बिना नंबर प्लेट की सीडी डॉन मोटरसाइकिल कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विद्युत अधिनियम और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक महेश कुमार, उपनिरीक्षक देवदत्त शर्मा तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। 

रिपोर्टर : अविनाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.