महिला थाने में युवक की पिटाई, कार्रवाई न होने पर उठे सवाल काउंसलिंग के दौरान हुआ विवाद, पीड़ित पक्ष ने लगाई गिरफ्तारी की मांग
शामली : जनपद के महिला थाने में जनसुनवाई और काउंसलिंग के दौरान एक युवक और उसके साथ आए लोगों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाहिता के परिजनों ने थाने के भीतर ही युवक की पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ितों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ी कर्मू निवासी शहजाद और दिल्ली के गौतम विहार निवासी गुलफशा पुत्री तैयब का निकाह कुछ समय पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। वैवाहिक विवाद के चलते दोनों पक्षों को 21 मई की शाम करीब 5:30 बजे महिला थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। उस समय दो पुलिसकर्मी दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर रहे थे। आरोप है कि काउंसलिंग के दौरान जब शहजाद ने अपना पक्ष रखना शुरू किया तो गुलफशा के पिता तैयब और उसके भाइयों ने आक्रोशित होकर शहजाद तथा उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और पीड़ित पक्ष को बचाया। आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने महिला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि आरोपियों ने थाने के भीतर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मारपीट की, लेकिन अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही किसी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब थाने के अंदर ही लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो आम नागरिक बाहर सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकते हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

No Previous Comments found.