1350 लीटर अपमिश्रित डीजल के साथ कालाबाजारी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

शामली : थाना कांधला पुलिस, एसओजी टीम और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में पेट्रोलियम पदार्थों की चोरी और कालाबाजारी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1350 लीटर अपमिश्रित डीजल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 29 मई की रात सूचना मिली थी कि हरियाणा से चोरी का तेल लाकर कांधला क्षेत्र में बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस, एसओजी और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से बड़े ड्रमों और प्लास्टिक कंटेनरों में भरा संदिग्ध डीजल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने तेल की अवैध खरीद-फरोख्त और उसमें मिलावट कर बेचने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा के तेल डिपो और हाईवे किनारे स्थित कुछ होटलों से सस्ते दामों पर चोरी का तेल खरीदते थे और उसमें मिलावट कर अधिक मुनाफे पर बेचते थे।
पुलिस ने मौके से राहुल पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम धनौरा, थाना बिनौली, जनपद बागपत, राजन पुत्र उदयवीर निवासी ग्राम धनौरा, थाना शाहपुर, जनपद शामली, अशोक पुत्र रामपाल निवासी ग्राम जगदीशपुर, थाना राई, जनपद सोनीपत (हरियाणा) तथा मुजम्मिल पुत्र इकबाल निवासी मोहल्ला शेखजादगान, कस्बा कैराना, जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे और बिक्री से होने वाले मुनाफे का आपस में बंटवारा करते थे।
जिला पूर्ति विभाग बरामद तेल की गुणवत्ता और स्रोत की जांच कर रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
प्रमुख बिंदु
* 1350 लीटर अपमिश्रित डीजल बरामद
* चार आरोपी गिरफ्तार
* पुलिस, एसओजी और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई
* हरियाणा से चोरी का तेल लाकर मिलावट कर बेचने का आरोप
* गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.