निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप: ऑपरेशन के दौरान पेट में कपड़ा छोड़ा, महिला की मौत

शामली : जनपद में एक निजी अस्पताल की कथित लापरवाही ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डिलीवरी के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में कपड़ा छोड़ दिया गया, जिससे संक्रमण फैल गया और बाद में उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार थाना भवन क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी छत्रपाल अपनी पत्नी रितिका को 20 मई को डिलीवरी के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव के बजाय ऑपरेशन की सलाह दी, जिसके बाद महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया, लेकिन उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों के मुताबिक महिला को लगातार रक्तस्राव की शिकायत रही और हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। बाद में एक अन्य अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने महिला के पेट में कपड़ा होने की जानकारी दी। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन कर कपड़ा बाहर निकाला गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि पेट में कपड़ा रह जाने के कारण संक्रमण तेजी से फैल गया, जिससे महिला की हालत और बिगड़ गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गुस्साए परिजन शव लेकर शहर कोतवाली पहुंचे और संबंधित अस्पताल व चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.