1200 क्लबों में शामली क्राउन का परचम, सर्वोत्तम क्लब एवं सर्वोत्तम सेवा परियोजना के दो बड़े सम्मान

शामली :  सम्मान केवल क्लब का नहीं, बल्कि पूरे जनपद शामली का सम्मान है, सेवा कार्यों के प्रति समर्पण, सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता तथा समाज के निरंतर सहयोग के परिणामस्वरूप क्लब को यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है यह बातें लायंस क्लब शामली क्राउन के अध्यक्ष गौरव मित्तल एडवोकेट ने बताई और उन्होंने बताया कि क्लब को एक साथ दो प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें मल्टीपल 321 का सर्वोत्तम क्लब सम्मान तथा सम्मान रसोई परियोजना के लिए सर्वोत्तम सेवा परियोजना सम्मान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्लब के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है और भविष्य में समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित हैमिल्टन ट्री पंचतारा होटल में आयोजित भव्य समारोह में लायंस क्लब शामली क्राउन को ये दोनों सम्मान प्रदान किए गए। समारोह में पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पंकज बिजलवान, मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन लायन रविंद्र सागर, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय सिसोदिया सहित संपूर्ण मल्टीपल 321 के नौ राज्यों एवं क्षेत्रों से आए वरिष्ठ लायन पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तरी दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के लायन नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति में क्लब को यह सम्मान प्रदान किया गया।

क्लब सचिव आशीष गोयल ने बताया लायंस मल्टीपल 321 के अंतर्गत इन नौ राज्यों एवं क्षेत्रों के लगभग 1200 लायंस क्लब कार्यरत हैं। इन सभी क्लबों के मध्य लायंस क्लब शामली क्राउन का सर्वोत्तम क्लब के रूप में चयन होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान क्लब की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, सक्रिय सदस्यता, नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों तथा समाज सेवा के प्रति निरंतर समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।
इसके अतिरिक्त क्लब की बहुचर्चित सम्मान रसोई परियोजना को सर्वोत्तम सेवा परियोजना का सम्मान प्रदान किया गया। यह परियोजना लंबे समय से जरूरतमंद, श्रमिक एवं वंचित वर्ग के लोगों तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाने का कार्य कर रही है। सेवा के इस अनूठे मॉडल ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि मल्टीपल स्तर पर भी विशेष पहचान बनाई है। इस दोहरी उपलब्धि से क्लब के सदस्यों, पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है। जनपद शामली के लिए यह गौरव का विषय है कि सेवा, संगठन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में किए गए कार्यों को पूरे मल्टीपल स्तर पर सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है। क्लब पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि को सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं समाज के प्रति समर्पित करते हुए भविष्य में भी सेवा के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में शामली क्राउन की ओर से कोषाध्यक्ष तरुण कुमार जैन एवं संस्थापक अध्यक्ष संजय संगल रहे

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.