थिंक बिफोर यू क्लिक’ अभियान के तहत शामली पुलिस ने किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
शामली : साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शामली पुलिस द्वारा जनपदभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थाना आदर्श मंडी पुलिस टीम ने जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में संचालित “साइबर जागरूकता : सुरक्षित डिजिटल जीवन की ओर” अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अपने व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया गया कि अनजान व्यक्तियों के कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। इसके अलावा सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने तथा फर्जी वेबसाइटों और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रम में साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। पुलिस का कहना है कि साइबर जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.