मैं आज भी हिंदू हूं, बेटे का कराया गया धर्मांतरण” देवराज मलिक

शामली :  जनपद के चर्चित धर्मांतरण प्रकरण में मेडिकल स्टोर संचालक एवं केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज मलिक ने सी न्यूज़ संवाददाता अविनाश शर्मा से विशेष बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके इकलौते पुत्र आयुष मलिक का सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण कराया गया और उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया।
सी न्यूज़ से बातचीत में देवराज मलिक ने कहा, “मैं और मेरी पत्नी आज भी हिंदू धर्म का पालन करते हैं। हम प्रतिदिन मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन हमारे बेटे को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया।”
उन्होंने आरोप लगाया कि जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी और उसके परिवार के लोगों ने पिछले कई वर्षों से उनके बेटे को अपने प्रभाव में रखा। उनका कहना है कि इस दौरान बेटे से आर्थिक लाभ भी लिया जाता रहा और धीरे-धीरे उसकी जीवनशैली तथा धार्मिक गतिविधियों में बदलाव आने लगा। देवराज मलिक के अनुसार, जब परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया, तब कथित रूप से उन पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम धर्म स्वीकार नहीं करने पर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं।
देवराज मलिक ने यह भी दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में कुछ मौलवियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अस्वीकरण: समाचार में व्यक्त आरोप शिकायतकर्ता देवराज मलिक द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.