बीच बाजार में सास और जेठ ने विवाहिता से की मारपीट, कोतवाली में तहरीर
शामली : शहर में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और जेठ पर उत्पीड़न व मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली शामली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बीच बाजार उसके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया।
जनपद बागपत निवासी सानिया पत्नी राशिद ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका निकाह नवंबर 2025 में मोहल्ला रेलपार कलंदर शाह निवासी रेहान पुत्र रहमतजान के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और अन्य ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं तथा लगातार घरेलू सामान और नकदी की मांग कर रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार 8 जून को वह शामली में मौजूद थी, तभी सास और जेठ ने बीच बाजार उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली शामली पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.