“नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान में शामली पुलिस की सख्ती, 311 वाहनों के चालान
शामली : सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शामली पुलिस द्वारा रविवार को जनपदभर में “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान के तहत विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 311 वाहन चालकों के चालान किए गए, जिनमें 243 चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत शिव चौक, फव्वारा चौक, विजय चौक, रोडवेज बस अड्डा, बनत चौराहा, अंजता चौक, कैराना बस अड्डा और धीमानपुरा फाटक समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।
इस दौरान यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव संबंधी जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
कुल चालान : 311
बिना हेलमेट चालान : 243
पुलिस की अपील
शामली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों को हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए, जबकि चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता से जुड़े अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे ताकि जनपद में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.