प्रेम विवाह के 5 महीने बाद युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाइयों पर आरोप
शामली : प्रेम विवाह के महज पांच महीने बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शामली के गांव बिडौली बैरागी निवासी 24 वर्षीय शिवकुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप मृतक की पत्नी आकांक्षा के भाइयों पर लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
परिजनों के अनुसार शिवकुमार ने 27 फरवरी 2026 को प्रयागराज के एक मंदिर में आर्य समाज रीति-रिवाज से आकांक्षा के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही युवती का परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था और शिवकुमार व उसके परिजनों को लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
मंगलवार को आकांक्षा पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज पहुंची थी। शिवकुमार अपनी पत्नी के साथ परीक्षा केंद्र आया था और बाहर कार में इंतजार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत अपने मामा के साथ वहां पहुंच गया और उसे घर चलने के लिए कहने लगा। आकांक्षा के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।
बताया गया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि मंजीत ने तमंचा निकालकर शिवकुमार की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी आकांक्षा ने बताया कि उसके परिवार वाले शादी के बाद से ही शिवकुमार को धमका रहे थे। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई ने पहले भी कई बार दबाव बनाया था कि वह पति को छोड़कर घर लौट आए। घटना वाले दिन भी उसे जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया गया था।
शिवकुमार की बहन ने आरोप लगाया कि परिवार ने पहले भी पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शिवकुमार को हाल ही में एसएफ (सुरक्षा बल) में नौकरी मिली थी और दो दिन बाद उसे प्रशिक्षण के लिए जॉइन करना था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित भाई और उसकी मां की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक रंजिश हत्या का मुख्य कारण मानी जा रही है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.