शिक्षकों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं, शामली में संवाद कार्यक्रम आयोजित

शामली : उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को जनपद शामली के सभी विकास खंडों में स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में “विशेष जन सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम” के अंतर्गत “शिक्षकों के साथ संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और शिक्षा संबंधी उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ और ‘निपुण भारत मिशन’ को महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, संकुल प्रभारियों और शिक्षाविदों के साथ विस्तृत संवाद किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, छात्र हितैषी योजनाओं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूता-मोजा वितरण तथा डीबीटी के माध्यम से लाभ हस्तांतरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने शिक्षकों को शासन की प्राथमिकताओं के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक छात्र-छात्रा के सर्वांगीण विकास के लिए निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से शिक्षा के सार्वभौमिकरण और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए सहयोग देने की अपील की गई।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.