रिश्वत और अवैध हिरासत के आरोप में कांधला थाने का सिपाही लाइन हाजिर

शामली :  जनपद के कांधला थाने में तैनात एक सिपाही को अवैध हिरासत, मारपीट और रिश्वत लेने के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस लाइन भेज दिया गया है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब चार वर्षों से कांधला थाने में तैनात सिपाही मनोज नागर पर एक स्थानीय निवासी को कथित रूप से अवैध हिरासत में रखने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उससे हजारों रुपये की रिश्वत भी ली गई।
मोहल्ला खेल निवासी फरदीन ने शिकायत में बताया कि उसे थाने में अवैध रूप से बैठाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे छोड़ने के बदले उससे 16 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसकी प्रति मेरठ एडीजी कार्यालय को भी भेजी गई।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले की समीक्षा कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
इस संबंध में सुमित शुक्ला ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में प्रथम दृष्टया तथ्य सामने आए हैं। इसी आधार पर संबंधित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। मामले में विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.