प्रेमजाल, ब्लैकमेल और धर्मांतरण के आरोप में पिता-पुत्री गिरफ्तार

शामली : कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा में युवक को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा परिवार को धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी युवती और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, दयानंद नगर निवासी देवराज मलिक ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके पुत्र आयुष मलिक को योजनाबद्ध तरीके से अपने प्रभाव में लेकर धर्म परिवर्तन कराया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि चार वर्ष पुराना कथित फर्जी निकाहनामा दिखाकर परिवार पर अनुचित मांगें पूरी करने और इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
मामले में कोतवाली शामली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान मुख्य अभियुक्ता चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का पक्ष
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता और पुलिस एफआईआर पर आधारित हैं। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायालय एवं जांच प्रक्रिया के बाद ही होगा।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.