मणिपुर में ड्यूटी के दौरान शामली के हवलदार अनिल कुमार का निधन
शामली : जनपद शामली में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब असम राइफल्स में तैनात हवलदार अनिल कुमार के मणिपुर में आकस्मिक निधन की सूचना उनके परिजनों को मिली। देश सेवा में तैनात जवान के निधन से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुःख व्याप्त है।
मूल रूप से बंटीखेड़ा निवासी और वर्तमान में काका नगर, शामली में रहने वाले हवलदार अनिल कुमार अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनका परिवार लंबे समय से सैन्य परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके एक भाई सेना से सूबेदार मेजर पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि दूसरे भाई वर्तमान में भारतीय सेना में सेवारत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हवलदार अनिल कुमार का पार्थिव शरीर रविवार शाम लगभग 5 बजे उनके आवास काका नगर पहुंचेगा। अंतिम दर्शन के बाद उनका अंतिम संस्कार मेरठ-करनाल रोड स्थित नहर पटरी के समीप अपना घर आश्रम के पीछे श्मशान घाट में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दौरान भारतीय सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा।
हवलदार अनिल कुमार के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
"देश सेवा में तैनात शामली के लाल का निधन, मणिपुर में हवलदार अनिल कुमार ने ली अंतिम सांस" आज शाम पहुंचेगा पार्थिव शरीर, सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार; क्षेत्र में शोक की लहर।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.