वायरल वीडियो पर नया मोड़: आयुष मलिक के पिता ने किया बड़ा दावा
शामली : आयुष मलिक धर्मांतरण प्रकरण से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर शनिवार को नया मोड़ सामने आया। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे एक वीडियो में एक युवती ने स्वयं को आयुष मलिक की बहन बताया है। वीडियो वायरल होने के बाद आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने सामने आकर इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया।
देवराज मलिक ने कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाली युवती उनकी बेटी नहीं है और उसका उनके परिवार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट जानकारियों और अफवाहों पर विश्वास न करें।
गौरतलब है कि आयुष मलिक धर्मांतरण और कथित निकाह प्रकरण को लेकर पहले से ही चर्चा में हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे के तहत चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी और चाचा तौफीक कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
वायरल वीडियो में किए गए दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी वीडियो की सत्यता को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
उधर, देवराज मलिक के बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिवार का कहना है कि वायरल वीडियो के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया पहले से जारी है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.