शादी समारोह में वार्ड सभासद पर हमला,पिस्टल तानने और मारपीट का आरोप,मुकदमा दर्ज
शामली - शहर के दयानंद नगर प्रथम निवासी एवं वार्ड सभासद अनिल कुमार उपाध्याय ने शादी समारोह के दौरान मारपीट,जानलेवा हमले और हथियार के बल पर धमकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सभासद अनिल उपाध्याय के अनुसार, 19 जून की रात करीब 10:40 बजे वह शहर स्थित सिटी ग्रीन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया।
अनिल उपाध्याय का आरोप है कि मनोज कुमार,कार्तिक और उनके साथ मौजूद करीब 10 से 12 अन्य लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और धमकाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उन पर पिस्टल तान दी तथा पिस्टल की बट से सिर पर वार करने की कोशिश की। बचाव में हाथ आगे करने पर वार उनके हाथ पर लगा,जिससे उनकी उंगली गंभीर रूप से घायल हो गई। सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके भांजे कमल उर्फ आदित्य पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। वहीं उनके 10 वर्षीय भतीजे देव के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक बच्चे को कई बार उठाकर जमीन पर पटका गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना समारोह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और फुटेज में घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकता है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा कथित रूप से इस्तेमाल किए गए हथियार के लाइसेंस को निरस्त करने की मांग की है।
उधर,पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.