घर के बाहर थूकने को लेकर विवाद, दो समुदायों में झड़प; पांच घायल, दो की हालत गंभीर

शामली - जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला नौकुआं रोड,बूढ़ा बाबू में घर के बाहर थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो समुदायों से जुड़े इस मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी सोनू पुत्र इंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान जैकी पुत्र इस्लाम अपने भाई शाहजहां के साथ वहां से गुजर रहा था और उसने सोनू के मकान के बाहर थूक दिया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जैकी ने फोन कर अपने 10 से 15 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया तथा पथराव भी किया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। हमले में इंद्र सिंह,सोनू,अजय,लक्ष्मी पत्नी सोनू,कृष्णा पत्नी इंद्र तथा शिवम घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया,जहां दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची,लेकिन तब तक अधिकांश आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित सोनू ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार,मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है। चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा है, इसलिए क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

(नोट: आरोप और घटनाक्रम पीड़ित पक्ष के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होगी।)

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.