बेंगलुरु और मध्य प्रदेश में वांछित अंतरराज्यीय चेन स्नेचर झिंझाना पुलिस मुठभेड़ में घायल

शामली - थाना झिंझाना पुलिस ने हरसाना कट्ठा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय अपराधी को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया,जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार को हरसाना कट्ठा पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चौसाना की ओर से बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया,लेकिन दोनों पुलिस पर फायरिंग करते हुए नहर पटरी की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई,जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम जगत सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी ग्राम खानपुर जाटान,थाना झिंझाना, जनपद शामली बताया। पुलिस के मुताबिक जगत सिंह एक अंतरराज्यीय अपराधी है, जो बेंगलुरु (कर्नाटक) और मध्य प्रदेश में चेन स्नेचिंग के मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी गौरव कुमार भी बाएं हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपी जगत सिंह और घायल मुख्य आरक्षी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है,जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.