जहानपुरा पुलिस चौकी का लोकार्पण, जनसुरक्षा और पुलिस सेवाओं को मिलेगा नया आयाम

कैराना : थाना कैराना क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित जहानपुरा पुलिस चौकी का लोकार्पण गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने चौकी भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जनसुनवाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी आलोक यादव ने कहा कि पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्रवासियों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ और त्वरित रूप से मिल सकेंगी। इससे शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई पुलिस चौकी अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और जनता-पुलिस समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार, प्रभारी निरीक्षक कैराना समयपाल अत्री सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने जहानपुरा पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और जनसुविधा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताया।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.