महिला सिपाही से चेन लूटने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर

शामली - पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब उर्फ बेचैन को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार,बदमाश अपने साथी के साथ किसान से मोबाइल फोन और नगदी लूटकर फरार हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा किया और थाना कांधला क्षेत्र के खन्द्रावली पुलिया के पास उसे घेर लिया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख महताब ने 9 एमएम कार्बाइन से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की,जिसमें महताब गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई,जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मृतक महताब उर्फ बेचैन पर लूट,हत्या,हत्या के प्रयास,अपहरण समेत 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। कुछ दिन पहले उसने एक महिला सिपाही से तमंचे के बल पर चेन लूटने की वारदात को भी अंजाम दिया था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 9 एमएम कार्बाइन,एक पिस्टल,भारी मात्रा में जिंदा और खोखे कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी.सिंह ने बताया कि बदमाशों की फायरिंग के जवाब में आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की गई। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.