भूख के खिलाफ दो साल की जंग, अब तीसरे साल में पहुंची 'सम्मान रसोई'
शामली : किसी जरूरतमंद की थाली खाली न रहे, इसी संकल्प के साथ शुरू हुई लायंस क्लब शामली क्राउन की 'सम्मान रसोई' ने सेवा के दो सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं। शुक्रवार को सम्मान रसोई परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीसरे सेवा वर्ष का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शहर के पत्रकार, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्लब अध्यक्ष गौरव मित्तल (एडवोकेट) ने कहा कि सम्मान रसोई आज केवल एक भोजन केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता की पहचान बन चुकी है। समाज के सहयोग और दानदाताओं की भागीदारी से पिछले दो वर्षों से प्रतिदिन जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सम्मान रसोई के संस्थापक संजय संगल ने कहा कि इस सेवा अभियान की शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास और स्वयंसेवकों के समर्पण ने इस अभियान को लगातार मजबूत किया है।
संयोजक सुमेश मित्तल ने बताया कि सम्मान रसोई की यात्रा केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया है। उन्होंने भविष्य में इस अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के करकमलों से तृतीय सेवा वर्ष का शुभारंभ कराया गया और जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। अंत में सभी अतिथियों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। क्लब ने समाज के सक्षम लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील भी की।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.