SBI बैंक पर चोरों की बड़ी साजिश नाकाम! आधी रात सेंध लगाने पहुंचे बदमाश, पुलिस-फोरेंसिक टीम ने घेरा बैंक

 शामली : शामली के थानाभवन कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। देर रात अज्ञात बदमाश बैंक के पिछले हिस्से से अंदर घुसने का प्रयास करते पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बैंक परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
मौके पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और बैंक अधिकारी पहुंचे। बैंक परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया और घंटों तक बारीकी से जांच की गई। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
गनीमत रही कि शनिवार माह का अंतिम शनिवार होने के कारण बैंक बंद था। इसी वजह से समय रहते घटना का पता चल गया और एक संभावित बड़ी बैंक चोरी टल गई। फिलहाल बैंक के कैश, लॉकर, रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक प्रबंधन से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम ने थानाभवन सहित आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 रिपोर्टर : अविनाश शर्मा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.