सोंटा रसूलपुर की युवती की संदिग्ध मौत में नया मोड़ परिजनों का दावा, दुष्कर्म के बाद हत्या; एसपी से बोले- न्याय नहीं मिला तो आत्मदाह करेंगे
शामली : थाना भवन क्षेत्र के गांव सोंटा रसूलपुर में एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतका के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि युवती घटना के समय करीब दो माह की गर्भवती थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस महत्वपूर्ण तथ्य का कोई उल्लेख नहीं किया गया। परिवार ने शव को कब्र से निकलवाकर मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, युवती का शव घर में फंदे से लटका मिला था। उनका आरोप है कि गांव निवासी अली मोहम्मद ने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। परिवार का यह भी दावा है कि घटना के समय आरोपी के दो भाई घर के बाहर पहरा दे रहे थे और परिजनों के पहुंचने से पहले फरार हो गए।
परिवार का कहना है कि युवती की कथित गर्भावस्था का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिक्र न होना पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल है। उनका मानना है कि यदि शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए तो गर्भावस्था, भ्रूण के डीएनए और शरीर पर मौजूद चोटों की वैज्ञानिक जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।
शिकायती पत्र में तीन वरिष्ठ चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी तथा डीएनए जांच की मांग की गई है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में मामले के दो आरोपियों के नाम हटाए गए और मेडिकल रिपोर्ट में भी महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय नहीं मिला तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आत्मदाह करेंगे। फिलहाल पुलिस को शिकायती पत्र सौंप दिया गया है और मामले में कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
नोट: समाचार में वर्णित सभी आरोप परिजनों की शिकायत पर आधारित हैं। पुलिस की जांच जारी है और इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.