40 साल बाद बाहवड़ी में खुला शराब का ठेका, महिलाओं का हल्ला बोल
शामली : जनपद के बाहवड़ी गांव में 40 साल बाद खुले शराब के ठेके के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए ठेका तत्काल बंद करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ठेका संचालक और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया।
ग्रामीण महिलाओं और ग्राम प्रधान का कहना है कि गांव में पहले भी शराब का ठेका था, लेकिन बढ़ते अपराध, मारपीट और सामाजिक विवादों के चलते करीब 40 वर्ष पहले उसे बंद करा दिया गया था। अब दोबारा ठेका खुलने के बाद गांव में शराबियों का जमावड़ा लगने लगा है और घरों में रोजाना झगड़े बढ़ रहे हैं।
महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ठेका नहीं हटाया गया तो गांव की महिलाएं उग्र आंदोलन शुरू करेंगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब का ठेका नहीं, बल्कि शांति और सुरक्षित माहौल चाहिए। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.