जामुन तोड़ते वक्त पेड़ से गिरा 15 वर्षीय इमरान, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
शामली : शामली के कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जामुन तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर 15 वर्षीय इमरान की मौत हो गई। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, इमरान दो अन्य युवकों के साथ मजदूरी करने गया था। काम के दौरान वह जामुन के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सिर के बल जमीन पर आ गिरा। गंभीर हालत में उसे शामली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने करनाल रेफर कर दिया। करनाल के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इमरान के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पिता की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह मजदूरी कर अपनी मां, दो छोटे भाइयों और बहनों का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में एक भाई दिव्यांग है। कुछ समय पहले ही एक बहन की शादी हुई थी, जबकि चार बहनों की शादी अभी बाकी है।
इमरान की असमय मौत ने परिवार को बेसहारा कर दिया है। घर का चूल्हा चलाने वाला इकलौता सहारा छिन जाने से परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है। मोहल्ले के लोगों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.