लव जिहाद' केस में बड़ा यू-टर्न: आयुष मलिक की सनातन में घर वापसी, माता-पिता से मांगी माफी
शामली : प्रेम जाल में फंसकर धर्म परिवर्तन का आरोप, अब घर के मंदिर में पूजा कर कहा— "परिवार के साथ ही रहना चाहता हूं"; चांदनी कुरैशी, उसके पिता और अन्य आरोपियों पर कार्रवाई जारी।
शामली के चर्चित कथित धर्मांतरण और 'लव जिहाद' मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। दवा व्यापारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक ने इस्लाम छोड़कर दोबारा सनातन धर्म अपनाने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आयुष अपने माता-पिता के साथ घर के मंदिर में पूजा करता दिखाई दे रहा है और भावुक होकर उनसे माफी मांगते हुए कह रहा है कि वह परिवार के साथ रहना चाहता है।
आयुष ने कहा कि माता-पिता की पीड़ा और अपनी इच्छा से उसने अपने मूल धर्म में वापसी की है। परिवार का दावा है कि उसने इस्लाम से जुड़ी सभी वस्तुएं घर से हटा दी हैं।
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब आयुष के पिता देवराज मलिक ने आरोप लगाया था कि चांदनी कुरैशी ने प्रेम संबंध के जरिए उनके बेटे का धर्मांतरण कराया। पुलिस ने इस मामले में चांदनी कुरैशी, उसके पिता और एक अन्य आरोपी तौफीक उर्फ भोला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
इस बीच बघरा आश्रम के पीठाधीश्वर यशवीर महाराज ने आयुष की घर वापसी का स्वागत करते हुए इसे "सनातन की जीत" बताया और मुख्यमंत्री तथा शामली पुलिस का आभार जताया।
नोट: यह समाचार संबंधित पक्षों के दावों, उपलब्ध वीडियो और पुलिस कार्रवाई पर आधारित है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.