35 साल की सेवा को सलाम, पांच पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई
शामली : पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए चार उपनिरीक्षकों और एक मुख्य आरक्षी को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके लंबे, अनुकरणीय और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
एसपी एन.पी. सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित जनसेवा का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाई गई सेवा हमेशा नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहती है।
समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिह्न, अंगवस्त्र तथा श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा वर्तमान पुलिसकर्मियों से निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कर्तव्य निभाने का आह्वान किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक दया शंकर, धर्मवीर सिंह, हरिओम शर्मा, विरेन्द्र कुमार कैन तथा मुख्य आरक्षी विजय सिंह शामिल रहे। समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभी को स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.