ग्रो सेफ फूड 2.0 अभियान: किसानों को सुरक्षित कीटनाशी प्रयोग का दिया प्रशिक्षण

शामली - शासन के निर्देशों के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, जलालपुर (शामली) में "ग्रो सेफ फूड 2.0" अभियान के अंतर्गत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें किसानों को कीटनाशियों के संतुलित एवं सुरक्षित उपयोग, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा कम रसायनों के प्रयोग से बेहतर फसल तैयार करने के तरीके बताए गए। कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) पर प्रशिक्षण देते हुए फेरोमोन ट्रैप, सोलर लाइट ट्रैप, स्टिकी ट्रैप और ल्यूर के माध्यम से कीट नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम में शिमेक एग्रोनिक्स प्रा. लि. के प्रतिनिधि शिव शंकर भारती ने किसानों को कीटनाशियों के लेबल और लीफलेट पढ़ने,स्प्रे के दौरान पीपीई किट (दस्ताने, मास्क, एप्रन, बूट आदि) पहनने तथा रेड और ग्रीन मार्किंग के महत्व के बारे में जानकारी दी। कृषि रक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार ने किसानों को नकली, मिलावटी, घटिया, अपंजीकृत और बिना लाइसेंस वाले कीटनाशकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कीटनाशियों का प्रयोग हमेशा लेबल और लीफलेट पर दिए गए निर्देशों के अनुसार ही करें तथा बिना अनुशंसित मिश्रण का उपयोग न करें। साथ ही किसी भी अवैध उत्पादन, भंडारण या बिक्री की जानकारी तुरंत कृषि विभाग को देने का आह्वान किया। कार्यशाला में किसानों को सुरक्षित खेती अपनाकर गुणवत्तापूर्ण एवं अवशेष-मुक्त खाद्यान्न उत्पादन के लिए जागरूक किया गया।
 

रिपोर्टर - अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.