पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा थाना कैराना क्षेत्रान्तर्गत पैदल गश्त कर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शामली : जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शामली  एन.पी. सिंह द्वारा कैराना थाना क्षेत्र के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर व्यापक पैदल गश्त की गई। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखने, संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी पुलिस उपस्थिति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर उपलब्ध कराने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान मुख्य बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया तथा पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित हुआ। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार, थाना पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा।
शामली पुलिस जनपद में शांति, कानून व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध हैl

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.