बाबरी पुलिस ने शराब सेल्समैन से हुई लूट का किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

शामली : शामली के थाना बाबरी पुलिस ने हाथी करौंदा स्थित देशी शराब के ठेके के सेल्समैन से हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इस मामले में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की रात सेल्समैन आकाश ठेके की बिक्री की नकदी लेकर लौट रहा था। दिल्ली–देहरादून अंडरपास के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर नकदी, बैग, हिसाब-किताब की कॉपी और आधार कार्ड लूट लिया था।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 53 हजार रुपये की लूटी गई नकदी, बैग, हिसाब-किताब की कॉपी, आधार कार्ड, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, एक तमंचा 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक चाकू बरामद किया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि करीब डेढ़ माह पहले शराब के ओवररेट को लेकर सेल्समैन और एक आरोपी अंकुर के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश में अंकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.