हाईवे के पेट्रोल पंपों पर डकैती मचाने वाला अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार

शामली : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित थानाभवन के जियो पेट्रोल पंप पर हुई सनसनीखेज डकैती का शामली पुलिस ने महज कुछ दिनों में पर्दाफाश कर दिया। स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना थानाभवन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे के पेट्रोल पंपों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार और लूटी गई 67 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंपों को निशाना बनाता था। गिरोह पहले पेट्रोल पंपों की रेकी करता, फिर किराये की गाड़ियों पर फर्जी या बदली हुई नंबर प्लेट लगाकर देर रात वारदात को अंजाम देता था। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकदी और लॉकर लूटकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सदस्य जसवीर पहले एक पेट्रोल पंप पर काम कर चुका था। इसी वजह से उसे कैश रखने की व्यवस्था, कर्मचारियों की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। उसी जानकारी के आधार पर गिरोह योजनाबद्ध तरीके से डकैतियों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान साबिर उर्फ बाबा, अमन, मोहसिन, जसवीर और काला उर्फ शाहनवाज के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के सोनीपत और पानीपत के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह ने थानाभवन के जियो पेट्रोल पंप के अलावा मुजफ्फरनगर के छपार, मेरठ के सरधना तथा हरियाणा के सोनीपत और पानीपत में भी पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदातों को अंजाम दिया था। इन सभी पांच घटनाओं का एक साथ सफल खुलासा करते हुए गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और राज्यों से भी जुटाई जा रही है। संभावना है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.