दिनदहाड़े व्यापारी से मोबाइल लूट का आरोप, CCTV फुटेज वायरल
शामली : शामली जनपद के कैराना में दिनदहाड़े एक व्यापारी से मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। व्यापारी का आरोप है कि बाइक टकराने के बाद विवाद हुआ और फिर तीन युवकों ने रास्ते में रोककर उसका मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद इलाके में व्यापारियों में आक्रोश है, जबकि कथित आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मामला कैराना कोतवाली क्षेत्र का है। राजेंद्र कॉलोनी निवासी व्यापारी गौतम पुत्र शिवकुमार अपनी प्लेटिना बाइक से दुकान का कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन युवकों की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। व्यापारी ने अपने चचेरे भाई शुभम सिंघल को फोन कर घटना की जानकारी दी और युवकों से दुकान पर चलकर बात करने की बात कही।
आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बराबर वाले रास्ते पर पहुंचने के बाद तीनों युवकों ने व्यापारी को रोक लिया, उसकी गर्दन पकड़कर जबरन मोबाइल छीन लिया। छीना-झपटी में व्यापारी की बाइक की चाबी भी मुड़ गई। राहगीरों के आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है, जिसमें कथित आरोपी नजर आने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि मोबाइल जबरन छीना गया, स्वयं दिया गया या फिर कहीं गुम हुआ। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.