आयुष्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा? बिना भर्ती दिखाए निकला क्लेम

शामली : शामली जनपद के थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आयुष्मान भारत योजना में कथित फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जिन लोगों ने कभी अस्पताल में भर्ती होकर इलाज नहीं कराया, उन्हें रिकॉर्ड में भर्ती दिखाकर उनके आयुष्मान कार्ड से सरकारी भुगतान कर दिया गया। इतना ही नहीं, पोर्टल पर मरीजों की जगह किसी और की तस्वीरें भी अपलोड मिली हैं। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

मामला थानाभवन थाना क्षेत्र का है। जलालाबाद निवासी एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरिओम उपाध्याय का आरोप है कि जब उन्होंने अपने परिवार के आयुष्मान कार्ड का ऑनलाइन रिकॉर्ड देखा तो पता चला कि उनके पिता मित्रपाल, माता चमनकली और भाई अर्जुन को 19 और 20 नवंबर 2025 को थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक-एक दिन भर्ती दिखाया गया। इसके आधार पर प्रत्येक के नाम से 2,100 रुपये का क्लेम पास हुआ और कुल 6,300 रुपये का सरकारी भुगतान दर्शाया गया।

हरिओम उपाध्याय का कहना है कि उनके तीनों परिजन कभी भी थानाभवन सीएचसी में भर्ती नहीं हुए और न ही वहां इलाज कराया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आयुष्मान पोर्टल पर मरीजों की जगह किसी अन्य महिला और दो पुरुषों की तस्वीरें अपलोड हैं। ऐसे में सरकारी धन के दुरुपयोग और रिकॉर्ड में फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ित ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिना इलाज और बिना भर्ती हुए क्लेम पास हो सकते हैं तो यह योजना की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उधर, थानाभवन सीएचसी प्रभारी डॉ. सुशील कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। वहीं, सीएमओ कार्यालय में आयुष्मान विभाग के प्रभारी वैभव गुप्ता के अनुसार शिकायत मिलने पर संबंधित सीएचसी से रिकॉर्ड और मरीजों की फाइलें मंगाकर लखनऊ स्तर पर मिलान कराया जाएगा। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी, लेकिन यदि शिकायत सही पाई जाती है तो यह आयुष्मान भारत योजना से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े के रूप में सामने आ सकता है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.