बिना बारिश सड़क पर बहा नाले का गंदा पानी,पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल
शामली - शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल दिल्ली रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने रविवार को बिना बारिश के ही नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। सड़क पर फैले गंदे पानी से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही नगर पालिका द्वारा नालों की सफाई कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर नाले का ओवरफ्लो होना सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी से बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मौके पर सड़क पर कचरा तैरता दिखाई दिया, जबकि आसपास खाद्य सामग्री की दुकानें भी संचालित हो रही हैं। ऐसे में गंदगी के बीच लोगों को आवाजाही के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम का भी सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नाले की तत्काल जांच कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए,ताकि बस स्टैंड और मुख्य बाजार क्षेत्र में बार-बार होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बिना बारिश के ही नाले का पानी सड़क पर बह रहा है, तो बरसात के दौरान हालात कितने गंभीर होंगे,इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने नगर पालिका से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.