ऑपरेशन सवेरा के तहत शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 लाख रुपये की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

शामली :  जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन सवेरा" अभियान के तहत झिंझाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 214 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान फारूक उर्फ गांधी पुत्र अख्तर, निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद थाना झिंझाना में मु0अ0सं0 357/2026 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। इससे साफ है कि वह नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रहा है।
झिंझाना थाना पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक सुभाष यादव, हेड कांस्टेबल अमित कुमार और हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
शामली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जनपद को नशामुक्त बनाया जा सके।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.