चौसाना में दुकान चोरी का खुलासा, पुलिस ने चोर को दबोचा; नकदी और अवैध तमंचा बरामद
शामली - झिंझाना थाना पुलिस ने चौसाना क्षेत्र में थानाभवन बस अड्डे के पास स्थित एक दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 1,650 रुपये की नकदी, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 27/28 जून 2026 की रात चौसाना में थानाभवन बस अड्डे के पास स्थित दुकान में चोरी हुई थी। मामले में थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
20 जुलाई को चोरी और लूट की घटनाओं में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में चौसाना पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवकुमार पुत्र संजय, निवासी ग्राम झिंझाना, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1,650 रुपये की नकदी के साथ एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को चौकी चौसाना प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल जहीन अख्तर और हेड कांस्टेबल लक्षेंद्र सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
रिपोर्टर - अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.