गौशाला दिलाने और नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, कैराना पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को दबोचा

शामली : शामली जिले की कैराना पुलिस ने गौशाला दिलाने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से धनराशि हड़पने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, बलवा गुजरान निवासी फिरदोस के पति को गौशाला दिलवाने तथा मुजफ्फरनगर के सोहजनी निवासी गौरव मलिक के भाई की नौकरी लगवाने का झांसा देकर आरोपियों ने धोखाधड़ी की थी। इस दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीड़ितों से मोटी रकम ऐंठ ली गई। मामले में कैराना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नदीम पुत्र उमरदीन निवासी ग्राम मामौर (थाना कैराना) तथा नीरज शर्मा पुत्री कृष्णपाल निवासी ग्राम गोटरा (थाना खेकड़ा, बागपत) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.