बरसात का कहर, दो मकान गिरे – परिवार बाल-बाल बचा

शामली : शामली जनपद में हुई कुछ घंटों की तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा कांधला स्थित इदरीश बेग विहार कॉलोनी में बारिश के चलते दो जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मलबे की चपेट में आने से साईना नामक महिला को मामूली चोटें आईं, जिनका परिजनों ने प्राथमिक उपचार कराया।
बताया जा रहा है कि लगातार हुई बारिश से मकानों की दीवारें कमजोर हो गई थीं। अचानक तेज धमाके के साथ दोनों मकान धराशायी हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने मलबे में दबे घरेलू सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया।
हादसे में पीड़ित परिवारों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फर्नीचर, घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे में दबकर नष्ट हो गईं। पीड़ितों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया उनका सामान कुछ ही पलों में बर्बाद हो गया।
घटना के बाद इदरीश बेग विहार कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.