शामली पुलिस ने 80 लाख की स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा, बाइक भी सीज
शामली : सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे "ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर" अभियान के तहत शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैराना थाना पुलिस ने 361 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये) के साथ दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश पुत्र सादा उर्फ सद्दीक और सारिक उर्फ मुंसारिक पुत्र कालू उर्फ जाहिद, निवासी ग्राम गोगवान, थाना कैराना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना कैराना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दानिश के खिलाफ पहले भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है।
शामली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.