ऑपरेशन सवेरा के तहत कांधला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

शामली : सहारनपुर परिक्षेत्र में चलाए जा रहे "ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर" अभियान के तहत शामली की कांधला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकरीम पुत्र याकूब, निवासी सलेमपुर रोड, कस्बा एवं थाना कांधला, जनपद शामली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कांधला में मु0अ0सं0 286/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
इस कार्रवाई को थाना कांधला पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक ओंकारनाथ पाण्डेय, हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर और कांस्टेबल नितिन राणा शामिल रहे।
शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें और जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करें।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.