कैराना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी का किया बड़ा खुलासा, 4 तस्कर गिरफ्तार, 10 तमंचे व पिस्टल बरामद

शामली : कैराना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे, एक .32 बोर पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस तथा तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र के उप-महानिरीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस ने इस सफलता को हासिल किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ, समीर, उस्मान उर्फ गोल्डी और कौशर, सभी निवासी ग्राम बराला, थाना कैराना के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर अधिक कीमत पर बेचते थे और उससे मिलने वाले पैसे से अपने शौक पूरे करते थे। उन्होंने हथियार आरिफ निवासी तीतरवाड़ा से खरीदने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
बरामदगी में एक .32 बोर पिस्टल, आठ .315 बोर तमंचे, दो 12 बोर तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.