खोया था मोबाइल... शामली पुलिस ने लौटाई मुस्कान! 119 मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को सौंपे, कीमत करीब ₹18 लाख
शामली : अगर आपका मोबाइल कहीं गुम हो जाए, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। शामली पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का परिचय देते हुए CEIR पोर्टल की मदद से 119 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब ₹18 लाख बताई गई है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने पुलिस लाइन में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने शामली पुलिस का आभार जताया।
एसपी शामली ने सर्विलांस सेल और जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की मेहनत की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। इस सफलता में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SP की जनता से अपील
यदि आपका मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें या CEIR पोर्टल पर मोबाइल की खरीद रसीद और पहचान पत्र के साथ शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत दर्ज होने के बाद मिलने वाले रिक्वेस्ट नंबर के जरिए मोबाइल को ट्रैक कर बरामद किया जा सकता है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.