कांवड़ यात्रा-2026: डीएम और एसपी ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
शामली : कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को नवीन पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त की जाए, प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम और एसपी ने असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और भड़काऊ सामग्री की लगातार मॉनिटरिंग कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी, सुरक्षा उपकरण और संचार माध्यमों के साथ पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी आलोक यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा जनआस्था का महापर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अनुशासन, संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि पूरी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सतेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.