प्रेमिका की संदिग्ध मौत पर अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा, प्रेमी ने लगाया हत्या का आरोप
शामली : जनपद शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान पड़ोसी गांव का एक युवक मौके पर पहुंच गया। युवक ने खुद को मृतका का प्रेमी बताते हुए उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया और डायल-112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मृतका की पहचान गरिमा के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि गरिमा की मौत हार्ट अटैक से हुई है। उन्होंने बताया कि गरिमा के पिता की जनरल स्टोर की दुकान है और परिवार वहीं रहता है। गरिमा ने एमए और बीएड की पढ़ाई की थी तथा उसके दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं।
वहीं पड़ोसी गांव निवासी राहुल ने दावा किया कि गरिमा उसकी प्रेमिका थी। उसका आरोप है कि युवती की हत्या की गई है। राहुल ने बताया कि 29 नवंबर को दोनों की सगाई और मांग भराई की रस्म भी हो चुकी थी। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार कसाना ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.