शामली में गोलियों की गूंज: ₹1 लाख का इनामी गैंग लीडर फुरकान पुलिस मुठभेड़ में ढेर, पुलिस टीम पर बरसाईं गोलियां
शामली : बुधवार को शामली में उस समय सनसनी फैल गई जब थाना झिंझाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। पुलिस के अनुसार ₹1 लाख का अंतरराज्यीय इनामी, गैंग लीडर, हिस्ट्रीशीटर और सजायाफ्ता अपराधी फुरकान मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि फुरकान अपने एक साथी के साथ ग्राम रंगाना के निकट एक पोल्ट्री फार्म पर छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना झिंझाना, थाना बाबरी और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फुरकान घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र कसाना, थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह और स्वाट टीम प्रभारी राहुल सिसोदिया बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण बाल-बाल बच गए। पुलिस के अनुसार उनकी जैकेट पर गोलियां लगीं।
घटनास्थल से पुलिस ने एक 9 एमएम कार्बाइन, एक 9 एमएम पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस, 10 खोखे, ₹9,600 नकद और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। फुरकान का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार फुरकान पर शामली, सहारनपुर और बागपत में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट सहित 24 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह मेरठ जोन से ₹1 लाख का इनामी घोषित था और एनडीपीएस के एक मामले में सजा पाने के बाद जमानत पर बाहर था।
इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
(यह समाचार शामली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के आधार पर तैयार किया गया है।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.