शामली में नशे के सौदागर पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 53 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

शामली : जनपद शामली में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन सवेरा" के तहत थाना झिंझाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 243 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब पुत्र हनीफ, निवासी ग्राम चौसाना, थाना झिंझाना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी केवल स्मैक की तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब पुलिस उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे का यह नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
शामली पुलिस का कहना है कि "ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर" अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत किया जा सके।

रिपोर्टर : अविनाश शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.