कांधला में युवक हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार
शामली : थाना कांधला क्षेत्र के नाला-ककड़ीपुर रजवाहा पटरी पर युवक की हत्या के मामले में कांधला पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को नाला-ककड़ीपुर रजवाहा पटरी पर करीब 22 वर्षीय मोनू उर्फ गुल्लू पुत्र सुरेन्द्र निवासी ग्राम ककड़ीपुर, थाना रमाला, जनपद बागपत का शव मिला था। सूचना मिलते ही थाना कांधला पुलिस, फील्ड यूनिट एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान तथा सिर में गोली लगने का घाव मिला था।
मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कांधला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए स्वाट/सर्विलांस टीम शामली और थाना कांधला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा कार्तिक व ओमपाल को 1 अगस्त तथा सत्यम व शुभम को 8 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के निकट पर्यवेक्षण में थाना कांधला पुलिस ने हत्याकांड में वांछित आरोपी पारस पुत्र जगत निवासी ग्राम भारसी, थाना कांधला, जनपद शामली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना कांधला पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:पारस पुत्र जगत, निवासी ग्राम भारसी, थाना कांधला, जनपद शामली।
रिपोर्टर : अविनाश शर्मा
No Previous Comments found.